भूख हड़ताल के बीच सोनम वांगचुक की सेहत बनी चिंता का विषय

Blog
 Image

नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन ने अब राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक समर्थन हासिल करना शुरू कर दिया है। आंदोलन में शामिल लद्दाख के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता, पर्यावरणविद और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल मंगलवार को 17वें दिन में पहुंच गई। लगातार अनशन के चलते उनकी सेहत में गिरावट दर्ज की गई है, जिसके बाद राजनीतिक दलों के नेताओं, फिल्मी हस्तियों और सामाजिक संगठनों ने चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से संवाद शुरू करने की मांग की है। आंदोलनकारियों की ओर से जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, सोनम वांगचुक का वजन अब तक 8.5 किलोग्राम कम हो चुका है। उनका रक्तचाप 109/70 दर्ज किया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका स्वास्थ्य लगातार जांचा जा रहा है, जबकि उनके साथ कई अन्य प्रदर्शनकारी भी भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। वांगचुक की बिगड़ती सेहत को देखते हुए दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उनसे अनशन समाप्त करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि वह गुरुवार शाम पांच बजे जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलनकारियों से मुलाकात करेंगे और अपना समर्थन व्यक्त करेंगे। केजरीवाल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवाद ही किसी भी विवाद का समाधान है और सरकार को इस मामले में पहल करनी चाहिए। इस बीच फिल्म और मनोरंजन जगत की कई प्रमुख हस्तियां भी खुलकर सोनम वांगचुक के समर्थन में सामने आई हैं।

अभिनेता प्रकाश राज, जो शुरुआत से ही सीजेपी के आंदोलन के समर्थन में सक्रिय रहे हैं, हाल ही में जंतर-मंतर पहुंचकर वांगचुक से मिले। उन्होंने लोगों से 20 जुलाई को प्रस्तावित ‘संसद चलो’ रैली में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह केवल छात्रों का आंदोलन नहीं, बल्कि लोकतंत्र में जवाबदेही और नागरिक अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि सरकार से सवाल पूछना हर नागरिक का अधिकार है और असहमति लोकतंत्र की मूल भावना है। प्रकाश राज ने कहा कि सोनम वांगचुक कोई सामान्य व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि देश के लिए लंबे समय से शिक्षा, पर्यावरण और समाज के क्षेत्र में काम करने वाले सम्मानित व्यक्तित्व हैं। यदि वे छात्रों के समर्थन में आमरण अनशन पर बैठे हैं, तो इसके पीछे गंभीर कारण अवश्य होंगे। पंजाबी गायक काका भी हाल ही में धरनास्थल पहुंचकर आंदोलन के समर्थन में शामिल हुए, जबकि रियलिटी शो रोडीज़ के चर्चित होस्ट रघु राम भी पहले ही प्रदर्शन में भाग ले चुके हैं। इसके अलावा कई कलाकार और सार्वजनिक हस्तियां सोशल मीडिया के माध्यम से आंदोलन और सोनम वांगचुक के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद कर रही हैं। सोनम वांगचुक का नाम देशभर में वर्ष 2009 में रिलीज हुई चर्चित फिल्म ‘3 इडियट्स’ के बाद व्यापक रूप से चर्चा में आया था। उस समय यह दावा किया गया था कि फिल्म में आमिर खान द्वारा निभाया गया लोकप्रिय किरदार ‘फुनसुख वांगडू’ (रेंचो) उनसे प्रेरित था, हालांकि स्वयं वांगचुक इस दावे को पहले सार्वजनिक रूप से खारिज कर चुके हैं। फिल्म में ‘चतुर रामालिंगम’ उर्फ ‘सायलेंसर’ की भूमिका निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने भी सोशल मीडिया पर भावुक अपील जारी की है। उन्होंने अपने वीडियो संदेश में कहा कि चाहे कोई सोनम वांगचुक की मांगों से सहमत हो या नहीं, लेकिन वह नहीं चाहते कि देश एक ऐसे व्यक्ति को खो दे जिसने शिक्षा और समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने लोगों से वांगचुक के आंदोलन और उनकी स्थिति पर ध्यान देने की अपील की। वहीं वरिष्ठ अभिनेत्री ज़ीनत अमान ने भी सोशल मीडिया पर लंबा संदेश साझा करते हुए केंद्र सरकार से तत्काल वार्ता शुरू करने की मांग की है। उन्होंने लिखा कि वांगचुक लगातार शारीरिक पीड़ा झेल रहे हैं और उनकी मांसपेशियां तेजी से कमजोर हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक परंपरा शांतिपूर्ण विरोध और संवाद पर आधारित रही है, इसलिए सरकार का दायित्व है कि वह बातचीत के माध्यम से समाधान तलाशे।