नई दिल्ली। देश में एक बार फिर कोरोना डराने लगा है। लगातार मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है, जिसके चलते चौथी लहर आने की आशंका प्रबल होती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के भीतर 3,205 नए मामले सामने आए हैं। वहीं टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है। रिपोर्ट के अनुसार अबतक 189.48 करोड़ से अधिक लोगों का टीकाकरण हो चुका है। इस उपलब्धि को 2,34,46,113 टीकाकरण सत्रों के जरिये प्राप्त किया गया है। 12-14 आयु वर्ग के लिए कोविड-19 टीकाकरण 16 मार्च,2022 को प्रारंभ हुआ था। अब तक 2.95 करोड़ (2,95,09,889) से अधिक किशोरों को कोविड-19 टीके की पहली खुराक लगाई गई है। समान रुप से 18-59 आयु वर्ग के लिये प्रीकॉशन खुराक भी 10 अप्रैल,2022 को प्रारंभ की गई थी। भारत में सक्रिय मामले आज 19,509 हैं। सक्रिय मामले, कुल पॉजिटिव मामलों के 0.05 प्रतिशत हैं। भारत में स्वस्थ होने की दर 98.74 प्रतिशत है।पिछले 24 घंटों में 2,802 रोगियों के ठीक होने के साथ ही स्वस्थ होने वाले मरीजों (महामारी की शुरुआत के बाद से) की कुल संख्या बढ़कर 4,25,44,689 हो गई है।
सिद्धांत उनियाल
संपादक