दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ पुलिस की कार्रवाई के विरोध में बुधवार को पौड़ी में कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट के बाहर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंककर उनके इस्तीफे की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने एडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।
बुधवार को पौड़ी कलेक्ट्रेट में एकत्र हुए कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक के मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। एनएसयूआई प्रदेश सचिव मुकुल कुमार और छात्र नेता आयुष थपलियाल ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्र शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, इसके बावजूद पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक से हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जबकि सरकार इन मामलों पर अंकुश लगाने के बजाय छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक मोहित सिंह और पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष नेगी ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लेकर सरकार ने छात्रों के आंदोलन को दबाने का प्रयास किया है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ बताया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री जल्द इस्तीफा नहीं देते तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर जिला महासचिव वीर प्रताप, नगराध्यक्ष भरत सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस पौड़ी कुलदीप रावत, यशोदा नेगी, तामेश्वर आर्य, गणेश थपलियाल, युद्धवीर सिंह, विनोद दनोसी, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजेश भंडारी, छात्र संघ सचिव हर्षवर्द्धन जैन, पूर्व छात्र संघ सचिव अमन नेगी, संजना गुजराल, अर्जुन गोदियाल, पारस रावत, आस्कर रावत, अमन सिद्दीकी, अनिल कुमार, विवेक रावत, शिवांश आदि मौजूद रहे.

