पौड़ी।गढ़वाल वन प्रभाग की दीवा रेंज के अंतर्गत नैनीडांडा ब्लॉक के सतखोलू (बणासी) गांव में शनिवार को घास काटने जंगल गई एक बुजुर्ग महिला की जंगली जानवर के हमले में मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर हमला गुलदार का माना जा रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हमलावर वन्यजीव को आदमखोर घोषित कर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार बणासी निवासी 65 वर्षीय सुशीला देवी गांव की एक अन्य महिला के साथ जंगल में घास लेने गई थीं। सुबह करीब 11 बजे अचानक उन पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। साथ मौजूद महिला ने चीख-पुकार सुनने के बाद गांव पहुंचकर ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, धुमाकोट पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी ने बताया कि गांव से सटे जंगल में दिनदहाड़े हुई इस घटना से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। उन्होंने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में निगरानी टीम तैनात करने और हमलावर वन्यजीव के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
हमलावर गुलदार था या बाघ, होगी वैज्ञानिक जांच
वन विभाग का कहना है कि प्रथम दृष्टया हमला गुलदार का प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटनास्थल कॉर्बेट परिक्षेत्र की सीमा से भी सटा हुआ है। ऐसे में घटनास्थल से मिले बाल और अन्य नमूनों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हमला गुलदार ने किया या बाघ ने। एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।

