मन की बात का 133वां एपिसोड ऐतिहासिक: मुख्यमंत्री धामी ने कहा यह कार्यक्रम है सकारात्मक ऊर्जा का भंडार

Blog
 Image

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून के मोथरोवाला में स्थानीय जनता के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रसिद्ध रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 133वां एपिसोड सुना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक संवाद नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों के लिए प्रगति और राष्ट्र निर्माण की एक नई प्रेरणा है।

कार्यक्रम के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री समाज के उन गुमनाम नायकों को मंच प्रदान करते हैं, जो अपने नवाचारों, स्टार्टअप और लोक संस्कृति के संरक्षण से देश में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान से लेकर आत्मनिर्भर भारत तक, यह कार्यक्रम हर उस विषय को छूता है जो सीधे आमजन के जीवन से जुड़ा है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि देश के कोने-कोने में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को इस मंच से जो पहचान मिली है, उसने समाज में सेवा और सृजन का एक नया वातावरण तैयार किया है। मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत का मान, सम्मान और स्वाभिमान वैश्विक पटल पर बढ़ा है। उन्होंने कहा, "आज भारत एक बड़ी आर्थिक शक्ति बनकर उभरा है। विज्ञान, रक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे क्षेत्रों में हम निरंतर प्रगति कर रहे हैं। जिस आत्मनिर्भर भारत का सपना हमने देखा था, वह आज धरातल पर है। अब हम रक्षा उपकरणों और आधुनिक हथियारों का निर्यात अन्य देशों को कर रहे हैं, जो हमारी बढ़ती सामरिक शक्ति का प्रमाण है। सीएम धामी ने स्थानीय निवासियों और विशेषकर युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि मेहनत और परिश्रम करने वालों को हमेशा सुखद फल मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह अनवरत संवाद कार्यक्रम देशवासियों को उनके कर्तव्यों के प्रति सजग करता है और सामूहिक प्रयासों से राष्ट्र को सर्वश्रेष्ठ बनाने की ऊर्जा प्रदान करता है। मोथरोवाला में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने मुख्यमंत्री के साथ मिलकर प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और राष्ट्र के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।