govt-ads

सीमांत विकास, आस्था और सख्त सियासत का संगम: झनकईया मेले से सीएम धामी ने साधा तराई का समीकरण

Blog
 Image

खटीमा। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को खटीमा का ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेला लोक आस्था के साथ-साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सियासी और विकासात्मक रोडमैप का प्रमुख केंद्र बना। फीता काटकर मेले का शुभारंभ करने और शारदा तट पर पूजा-अर्चना करने के बाद सीएम धामी ने एक ओर जहां शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया व काला पुल के पास नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में नए स्नान घाट बनाने की बड़ी घोषणा की, वहीं दूसरी ओर तराई और सीमांत क्षेत्र के सामाजिक-राजनैतिक समीकरणों को साधने का स्पष्ट संदेश भी दिया।

भारत-नेपाल सीमा पर लगने वाले ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले को इस बार विकास की नई उम्मीद मिली है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने शारदा तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर के तहत झनकईया और काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा की। इस घोषणा को क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि झनकईया मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, लोक संस्कृति और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं का संगम है। भारत-नेपाल सीमा के निकट आयोजित होने वाला यह मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों और आपसी सद्भाव को मजबूती देता है। यहां सीमांत क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश के पीलीभीत, बरेली, रामपुर, लखीमपुर, सीतापुर और आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु तथा व्यापारी पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि मेले में थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की भागीदारी, पारंपरिक लोकगीत और लोकनृत्य इसकी विशिष्ट पहचान हैं। ऐसे आयोजन स्थानीय दुकानदारों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों के लिए भी आर्थिक अवसर उपलब्ध कराते हैं। सरकार पारंपरिक मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहित कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत और जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम-जनमन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास भी स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, पॉलिटेक्निक और छात्रावासों के विस्तार पर काम किया जा रहा है। धामी ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार तथा स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि सीमांत क्षेत्रों का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के फैसलों का उल्लेख करते हुए समान नागरिक संहिता लागू करने और सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, खटीमा नगर पालिका और जिला पंचायत को मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्नान घाटों के निर्माण के साथ सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत क्षेत्र के धार्मिक स्थलों के विकास की भी बात कही। मेले के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े खरीदकर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश दिया। झनकईया मेले के शुभारंभ के साथ स्नान घाटों की घोषणा ने धार्मिक आयोजन को विकास और स्थानीय रोजगार से जोड़ने की सरकार की मंशा को भी सामने रखा।