गंगोलीहाट। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को नगर पालिका सभागार गंगोलीहाट में भव्य जनकल्याणकारी शिविर एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्तराखंड शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव तथा मुख्य विकास अधिकारी पिथौरागढ़ के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित किया गया। नगर पालिका परिषद गंगोलीहाट के अध्यक्ष विमल रावल की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर नागरिकों को सरकारी योजनाओं, अनुदानों एवं सुविधाओं की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी भगवती प्रसाद पाण्डेय सहित स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति, कृषि, पशुपालन, जल संस्थान, बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्टॉलों के माध्यम से लोगों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान कराया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे शिविर सरकार और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम हैं तथा इससे पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलती है।

