कोटद्वार। यहां रोडवेज बस स्टैंड पर कुछ बदमाशों ने वार्ड 30 के पार्षद दीपक लखेड़ा पर जानलेवा हमला बोल दिया। गनीमत रही कि पार्षद लखेड़ा बाल-बाल बच गये। वहीं बीच-बचाव को आए लखेड़ा के जवाई अरूण गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर मुख्य आरोपित को हिरासत में लिया गया है। पार्षद दीपक लखेड़ा ने पुलिस को बताया कि वह स्टेशन रोड स्थित एक होटल में उनके बड़े भाई विजय कुमार लखेड़ा के नाती के जन्मदिवस की पार्टी में गए थे। रात्रि करीब दस बजे पार्टी संपन्न होने के बाद वे घर की ओर जाने के लिए कार में सवार हुए। कार बैक करते हुए अचानक कार पीछे खड़े एक रेहड़ी से टकरा गई। जिस पर रेहड़ी संचालक ने उनसे बदतमीजी शुरू कर दी। उनके जवाई अरुण ध्यानी ने युवक को समझाने का प्रयास किया तो उसने अपने साथ दस-बारह अन्य व्यक्तियों को बुला लिया और सबने मिलकर उनपर हमला कर दिया। हमले के दौरान उनके जवाई अरुण की पीठ पर छाती पर नुकीले हथियार से वार किया गया। अरुण को बेस चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। कोतवाल नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले में विजय कुमार लखेड़ा की ओर से तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बताया कि मामले में मुख्य आरोपित अमित को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
सिद्धांत उनियाल
संपादक