govt-ads

चंपावत न्यूज: पेड़ पर कार अटकने से चार यात्रियों को आई मामूली चोटें, एक की गहरी खाई में गिरने से मौत

Blog
 Image

देहरादून/चंपावत। उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पर्वतीय अंचलों से लेकर मैदानी इलाकों तक तेज रफ्तार और लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। ताजा घटनाक्रम में चंपावत और देहरादून के डोईवाला में हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में एक युवक और एक मासूम किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। पहला हादसा चंपावत जिले के स्वाला टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के पास घटित हुआ। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड की ओर आ रही एक कार अचानक आए मोड़ और ढलान पर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20-30 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि कार एक पेड़ पर अटक गई, जिससे उसमें सवार चार लोग सुरक्षित बाहर निकलकर सड़क तक पहुंच गए। हालांकि, कार में सवार पांचवां व्यक्ति वाहन से छिटककर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट चंपावत से उप निरीक्षक प्रेम उपरारी के नेतृत्व में टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। जवानों ने गहरी खाई में उतरकर युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान गोंडा (उत्तर प्रदेश) निवासी अजीत कुशवाहा पुत्र आनंद कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि मामूली रूप से घायल अन्य चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पूर्व 7 सितंबर को भी जिले के बाराकोट-घाट-पनार मार्ग पर बोल्डर गिरने से एक युवक की जान चली गई थी।

दूसरा दर्दनाक हादसा राजधानी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र स्थित खत्ता रोड पर शनिवार शाम करीब सात बजे हुआ। राजीव नगर निवासी 15 वर्षीय जूही (पुत्री अन्नू) और उसकी 17 वर्षीय सहेली दीपाली (पुत्री पवन) स्कूटी से नगर चौक की ओर जा रही थीं। इसी दौरान खनन कार्य में लगे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों किशोरियां सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गईं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को तत्काल जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान जूही ने दम तोड़ दिया। वहीं, दीपाली की हालत अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही है। इस हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और खनन वाहनों की बेलगाम रफ्तार को लेकर भारी आक्रोश है। डोईवाला पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों ही मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।