रुद्रपुर। आरटीओ कार्यालय में वाहन संबंधी कार्य कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूलने वाले गिरोह का एसटीएफ ने भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ कुमाऊं यूनिट और थाना पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी आरटीओ कार्यालय के बाहर दो निजी वाहनों को ही अपना चलता-फिरता दफ्तर बनाकर काम कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, एसटीएफ टीम ने पंतनगर पुलिस के साथ जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास दबिश दी। इस दौरान वहां खड़ी दो अलग-अलग गाड़ियों में बैठकर काम कर रहे चंदीपुर विजयपुर (दिनेशपुर) निवासी प्रवीण बाछाड़ और ट्रांजिट कैंप निवासी पंकज कांति सेन को दबोच लिया गया। ये दोनों वाहनों के भीतर ही लैपटॉप और प्रिंटर की मदद से दस्तावेज तैयार करने का काम कर रहे थे। तलाशी के दौरान टीम को दोनों वाहनों से 75 आरसी, सात ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30 के साथ-साथ बड़ी संख्या में आधार और पैन कार्ड भी मिले हैं। इसके अलावा मौके से एक लैपटॉप, प्रिंटर, माउस, इंटरनेट डिवाइस, लैपटॉप एडॉप्टर और फर्जीवाड़े में इस्तेमाल किए जा रहे दोनों निजी वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि अब इस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इस गोरखधंधे में अन्य कौन लोग शामिल हैं। वहीं, एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि वे आरटीओ से जुड़े किसी भी कार्य के लिए केवल अधिकृत माध्यमों का ही उपयोग करें और किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने निजी दस्तावेज न सौंपें।

