जिला मुख्यायल पौड़ी से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री अंत्योदय निशुल्क गैस रिफिलिंग योजना का श्रीगणेश कर दिया है। इस मौके पर सीएम ने करीब 22 महिलाओं को सांकेतिक रिफिलिंग गैस सिलेंडर भी वितरित किये। उन्होंने कहा कि योजना से प्रदेश के 1 लाख 76 हजार अंत्योदय कार्ड धारकों को लाभांवित किया जा रहा है। शहर के कंडोलिया मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सीएम धामी ने अपना संबोधन नारी शक्ति को समर्पित मंत्र “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः” से किया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम को नारी शक्ति को समर्पित बताया। अपने दो दिवसीय जिला भ्रमण का आगाज मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने मुख्यमंत्री अंत्योदय निशुल्क गैस रिफिलिंग योजना से किया। सीएम धामी समेत काबीना मंत्री रेखा आर्य और डा धन सिंह रावत ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि निशुल्क गैस रिफिलिंग योजना से प्रदेश के 1 लाख 76 हजार अंत्योदय कार्ड धारकों को लाभांवित किया जा रहा है। इस योजना के लांच होने के बाद सरकार को करीब 50 से 60 करोड़ रूपये का अतिरिक्त बजट वहन करना पड़ेगा। कहा कि योजना के तहत 3 सिलेंडर साल में निशुल्क दिये जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य गृहणियों की रसोई को धुआं मुक्त करना है। कहा कि सरकार ने अपना चुनावी वादा पूरा किया है। वहीं उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कहा कि 2014 से पहले की सरकारों ने देश में केवल घोटाले किये थे। कहा कि जब से मोदी सरकार आई है तब से देश ने अभूतपूर्व विकास किया है। कहा कि मोदी सरकार ने हर जरूरतमंद को रोटी देने का काम किया है। कहा कि केंद्र की सरकार ने गरीबों और जरूरतमंदों के लिए गरीब कल्याण योजना लांच कर योजना को इस साल के लिए भी विस्तारित कर दिया है। सीएम धामी ने कहा कि राज्य में महिला नारी सशक्तिकरण योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना व पोषण अभियान जैसी योजनाएं राज्य की महिलाओं को समर्पित हैं। कहा कि गौरा शक्ति ऐप के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को कानूनी सुरक्षा से मजबूत बनाया है। कहा कि अकेले पौड़ी में इस ऐप पर करीब 15 हजार महिलाओं और बालिकाओं ने अपना पंजीकरण कराया है। सीएम ने की घोषणा व लोकार्पण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी में आयोजित कार्यक्रम में 40 करोड़ की लागत से 4 योजनाओं का लोकार्पण किया। जिसमें पौड़ी की दो तो कोटद्वार और यमकेश्वर विधानसभा की एक-एक योजना शामिल है। साथ ही सीएम ने 53 करोड़ की लागत से 9 विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया। सीएम धामी ने पौड़ी के बहुप्रतीक्षित बस अड्डे के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने तथा बहुमंजिला पार्किंग के निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा पौड़ी के धारारोड़ से लेकर एजेंसी चैक तक हैरिटेज स्ट्रीट निर्माण की भी घोषणा की। कार्यक्रम में खाद्य आपूर्ति व खेल मंत्री रेखा आर्य, स्वास्थ्य मंत्री डा धन सिंह रावत ने विचार रखे।
सिद्धांत उनियाल
संपादक