मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास भवन पौड़ी में एनसीसी कैडेट्स व अन्य प्रतिभाशाली स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ “क्यों होता है गाँव से पलायन” विषय पर संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया। इस मौके पर सीएम ने पहाड़ों में हो रहे पलायन पर चिंता जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के लिए पलायन एक बड़ी चिंता का विषय है। कहा कि पहाड़ों में लगातार पलायन हो रहा है। कई गांव का खाली होना राज्य एवं देश की सुरक्षा के लिए खतरा भी है। उन्होंने कहा राज्य सरकार रिवर्स माइग्रेशन पर कार्य कर रही है। केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार प्रदान कर गांव में रोकने का कार्य किया जा रहा है। कोरोना काल में लाखों प्रवासी अपने गांव आए। कोरोना काल में कई युवाओं ने स्वरोजगार को अपनाया। आज वही युवा कई अन्य लोगों को भी रोजगार देने का कार्य कर रहे हैं। कहा कि सरकार एवं जनता के बीच आपसी समन्वय एवं सहभागिता से पलायन रुकेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में पलायन को रोकने के लिए पलायन आयोग द्वारा अध्ययन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लोगों का रुझान लगातार होम स्टे की ओर बढ़ रहा है। राज्य सरकार होम स्टे को लगातार बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह को ऋण वितरित किया जा रहा है। आज महिलाएं भी आत्मनिर्भर बन गांव से पलायन रोकने में अपनी अहम भूमिका निभा रही है। हमारा राज्य संभावनाओं से भरा हुआ है। इन संभावनाओं को हम प्रयास एवं परिश्रम से खोज सकते हैं, जिससे पलायन रुकेगा एवं लोगों को आर्थिक फायदा भी होगा।
सिद्धांत उनियाल
संपादक