कोटद्वार। विभिन्न मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सड़कों पर उतरकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने कहा कि सरकार जनविरोधी नीतियां अपनाकर जनता का शोषण कर रही है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। विगत दिवस पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी व महापौर हेमलता नेगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता दुर्गापुरी में एकत्रित हुए। यहां से सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता मोटाढाक चौराहे में पहुंचे। यहां आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में कोटद्वार विधानसभा में एक भी विकास कार्य नहीं हुआ। कहा कि खननकारी लगातार नदियों का सीना चीर रहे हैं, लेकिन देखने वाला कोई नहीं हैं। कांग्रेस कार्यकाल में मेडिकल कालेज के लिए स्वीकृत भूमि भी खननकारियों का अड्डा बनकर रह गई है। वर्षों से सिचाई नहरों की मरम्मत तक नहीं की गई है। नतीजा काश्तकारों को सिचाई के लिए पानी तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग, कण्वाश्रम, केंद्रीय विद्यालय व मेडिकल कालेज के नाम पर सरकार ने जनता को गुमराह किया है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष डा. चंद्रमोहन खर्कवाल, महिला जिलाध्यक्ष गीता नेगी, महिला महानगर अध्यक्ष शकुंतला चौहान, विधानसभा अध्यक्ष साबर सिंह नेगीए अमित राज सिंह, विजय रावत, भारत सिंह नेगी, अमित नेगी, अनिल रावत, अनूप नेगी, मीना बछुवाण, श्रीमती बिमला आदि मौजूद रहे।
सिद्धांत उनियाल
संपादक