नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी जब यहां एक चार मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। इमारत के मलबे में कई लोगों और कई गाड़ी के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद राहत एवं बचाव का कार्य जारी है। फायर डिपार्टमेंट की गाड़ियां भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। सब्जी मंडी इलाके की इस घटना पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट कर दुख जताया है और कहा है कि वे इस घटना पर नजर बनाए हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में सोमवार 11 बजे के आसपास यह हादसा हुआ। आसपास के लोगों को जैसे इमारत ढहने की आवाज सुनाई पड़ी तो लोगों ने इसकी सूचना पास के थाने को दी। जिसके बाद फ़ौरन ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। फायर डिपार्टमेंट की मदद से राहत एवं बचाव का कार्य शुरू किया गया। इस दौरान लोगों ने मकान के मलबे में दबे एक युवक को बाहर निकाल कर उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना में अभी तक किसी के भी हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। मलबे में दो बच्चे के फंसे होने की खबर भी सामने आ रही है। हालांकि अभी तक इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इस घटना पर ट्वीट कर दुख जताया और कहा कि सब्जी मंडी इलाके में इमारत गिरने का हादसा बेहद दुखद। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है, जिला प्रशासन के माध्यम से मैं खुद हालात पर नज़र बनाए हूं।
सिद्धांत उनियाल
संपादक