विकास खंड पौड़ी के ग्राम पंचायत केवर्स में आयोजित रामलीला का मंचन भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ संपन्न हो गया है। रामलीला के मंचन में महिला पात्रों के अभिनय को महिलाओं ने जीवंत बनाया। जिसकी सभी ने सराहना की। महिला पात्रों का अभिनय करने वाले कलाकारों को समिति सहित ग्रामीणों ने नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। ग्राम पंचायत केवर्स में वर्ष 1977-78 में रामलीला के मंचन का आगाज हुआ। ग्रामीण सामूहिक प्रयास से गांव में रामलीला का मंचन करते हैं। कोविडकाल के बाद इस वर्ष आयोजित रामलीला के मंचन को लेकर गांव में अलग ही खुशी का माहौल देखा गया। मंचन की शुरुआत से लेकर राजतिलक तक ग्रामीण लगातार जुड़े रहे। रामलीला के मंचन में माता सीता के पात्र का अभिनय श्वेता कंडवाल ने किया। इसके अलावा कैकई व मंदोदरी के पात्र का अभिनय तन्नु, सुमित्रा दीपिका व कौशल्या के पात्र का अभिनय वंदना ने निभाया। महिला पात्रों के अभिनय को इन महिला कलाकारों ने जीवंत बनाकर सभी की सराहना बटोरी। भगवान श्रीराम के पात्र का अभिनय मोहित पंवार, लक्ष्मण अंकुश रावत, भरत करन थपलियाल, शत्रुघन आर्यन, लंकापति रावण के पात्र को महावीर सिंह रावत ने बखूबी निभाया। मंचन के समापन पर ग्राम पंचायत में श्रीराम की भव्य झांकी निकाली गई। इस दौरान ग्रामीण श्रद्धालु भगवान का आर्शीवाद लेने के लिए उमड़ पड़े। श्रीराम दरबार में झांकी के पहुंचने पर आयोध्या के राजा भरत व श्रीराम का मिलन सभी को भावुक कर गया। इसके बाद विधि विधान से पूजा अर्चना कर श्रीराम का राज्याभिषेक हुआ। रामलीला समिति केवर्स के अध्यक्ष संदीप रावत ने बताया कि ग्रामीण सामूहिक प्रयास से रामलीला का मंचन करते हैं। कहा ग्रामीण अंचल में महिला पात्रों का अभिनय महिलाओं द्वारा जीवंत रुप में निभाया जाना सुखद अनुभूति देता है। उन्होंने कहा कि ऐसी महिला कलाकारों को समिति व ग्रामीणों ने नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष मनवर सिंह रावत, ग्राम प्रधान कैलाश रावत, प्रकाश भंडारी, निर्देशक मनोज मंद्रवाल, क्षेपं सदस्य विनोद बिष्ट, मुकेश रावत, कुलदीप सिंह, राजपाल, मनोज रावत, संतन सिंह आदि मौजूद रहे।
सिद्धांत उनियाल
संपादक